मेरे गांव भगतपुरा (राजस्थान) में आपका स्वागत है . ग्रामीण परिवेश के बारे में जानिए
मेरा गांव भगतपुरा

Sep 20, 2009

पर्यटन मानचित्र पर अब भगतपुरा भी

भगतपुरा में कोई एतिहासिक ईमारत या ऐसी कोई दर्शनीय जगह तो नहीं कि यहाँ विदेशी पर्यटकों का आना जाना हो बावजूद आजकल गावं में विदेशी पर्यटको का आने का तांता लगा रहता है पडोसी गांव हुडील स्थित होटल फतह विलास में रुकने वाले सभी विदेशी पर्यटक भगतपुरा में जस्जी शेखावत की ढाणी में घुड़ सवारी करने पहुँचते है | होटल फतह विलास के संचालकों के प्रयास से भगतपुरा गांव भी पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है |


भगतपुरा जस्जी की ढाणी में घुड़ सवारी का आनन्द लेते पर्यटक
;

Jun 7, 2009

परिचय:महावीर सिंह शेखावत

गांव के कुछ लोगों के परिचय की इस श्रृंख्ला में आज प्रस्तुत कर रही हूँ मेरे काकोसा (चाचाजी) महावीर सिंह जी शेखावत का परिचय :-
आपका जन्म भगतपुरा गांव में ही श्री मदन सिंह जी शेखावत के घर २५ मार्च १९६९ को हुआ था | श्री कल्याण कालेज सीकर से अपनी पढाई पूरी करने के बाद कुछ दिन दिल्ली में कार्य किया उसके बाद कई वर्षों तक जयपुर की एक कंपनी में लेखाकार का कार्य करने के बाद आप ८ साल पहले इटली चले आये | जहाँ आप अपने परिवार सहित (भैया भरत सिंह व विवेक सिंह सहित ) इटली के मिलान शहर के पास रहते हुए मिलान शहर में ही एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत है | गांव व सीकर की स्थानीय राजनीती में गहरी रूचि रखने व मिलनसार स्वभाव के चलते आपको गांव का हर व्यक्ति पसंद करता है | गांव व सीकर की स्थानीय राजनीती में रूचि का पता इसी बात से चलता है कि हमें गांव व स्थानीय राजनीती के समाचार दिल्ली में वाया इटली आपसे ही पता चलते है | पिछले दिनों २८ मार्च २००९ को मेरे भैया की शादी में चाचाजी खास तौर पर इटली से भगतपुरा पधारे थे और अपनी मित्र मंडली के साथ शादी में नाचने का भरपूर मजा लेते हुए खूब धमा-चौकडी मचाई | चाचाजी आपकी अगली भारत यात्रा का इंतजार रहेगा |

Dec 31, 2008

गांव का पनघट


चित्र में ये हमारे गांव का पनघट है जो आज वीरान पड़ा है कभी यहाँ पुरे दिन मटके लेकर पानी लेने आने वालों की चहल-पहल लगी रहती थी, आज इस पनघट के नल उखड़ चुके है लेकिन आज से लगभग पच्चीस वर्ष पहले इसी पनघट के इन्ही नलों पर पानी भरने के लिए मटकों की लाइन लग जाया करती थी | सभी जातियों के लिए यहाँ अलग-अलग नल लगे थे अनुसूचित जातियों के लिए अलग व सवर्णों के लिए अलग और सवर्णों में भी ब्राहमणों के लिए अलग नलों की व्यवस्था थी आज सुना पड़ा यह पनघट कभी गांव का एक तरह का सामुदायिक स्थल ही हुआ करता था किसी भी व्यक्ति से मिलना हो सुबह-शाम यहाँ गांव के हर एक आदमी से मुलाकात हो जाती थी क्योंकि पानी लेने सभी ग्रामवासियों को यही आना पड़ता था | गांव से बाहर नौकरी करने वाला कोई भी व्यक्ति जब भी छुट्टी आता था उससे भी यही सभी के साथ मुलाकात हो जाया करती | गांव का हर अच्छा बुरा समाचार इसी पनघट पर मिल जाया करता था | पशुपालक सुबह-शाम अपने-अपने पशुओं को पास ही बनी पानी की खेली में पानी पिलाने लाया करते थे | हम भी सभी दोस्त पानी के मटके भरते हुए ही यहीं खेलकूद व अन्य सामूहिक कार्यों की प्लानिंग कर लिया करते थे और तो और सभी दोस्त रविवार को अपने अपने सारे मैले कपड़े इक्कठे कर यही धोने एक साथ ही आया करते थे क्या मजा आता था उस समय मिलजुल कर कपड़े धोने का, कोई नल से पानी की बाल्टी भर कर ला रहा है,कोई कपडों पर साबुन लगा रहा होता तो कोई धुले कपडों को सुखा रहा होता |
कंधे पर मटका रखकर जब घर में जरुरत का पानी भरते थे तो उस पानी का उपयोग भी बहुत मितव्ययता के साथ होता था जिससे गांव का हर रास्ता,हर किसी के घर में कहीं कीचड़ नही होता था | हमारे द्वारा की गई केसी भी गलतियों के लिए पानी भरते समय वहां आने वाले गांव के बुजुर्गों व ताऊ टाइप लोगों से बहुत सारी उलाहना भरी नसीयते झेलनी पड़ती थी सो हम सभी में से कोई भी बच्चा किसी भी तरह का ग़लत काम करने से बचता था परिणाम स्वरूप डर मारे ही सही बच्चे बुरी आदतों से दूर ही रहते थे इसी पनघट पर बुजुर्ग लोगों द्वारा मिलने वाले उपदेश बच्चों को अच्छे संस्कार सिखाते थे |
आज से 25 साल पहले घरों में नल लगने बाद से यह पनघट रूपी सामुदायिक स्थल सुना पड़ा है अब गांव में कौन छुट्टी आया पता ही नही चलता, गांव में किसी का कोई दुःख दर्द का समाचार भी आसानी से नही मिलता, गांव का कौनसा बच्चा किसका बेटा है कम ही लोग पहचान पाते है जान पहचान ही कम होती जा रही है |आसानी से और बिना मेहनत किए सभी घरों में नल द्वारा प्रचुर मात्रा में उपयोग लिए के पानी की उपलब्धता ने पानी का दुरूपयोग बढ़ा दिया है हर एक व्यक्ति एक बाल्टी पानी की जगह पॉँच बाल्टी पानी बहाता है दुरूपयोग के चलते रास्तों में,घरों के आगे कीचड़ फैलने लगा वह तो शुक्र है सरकार का जिसने समय रहते पक्की नालिया बना दी वरना रात्रि के समय तो एक घर से दुसरे घर घर जाना भी कीचड़ की वजह से दूभर हो जाता,खैर पक्की सरकारी नालियों ने कीचड़ से तो मुक्ति दिला दी लेकिन गिरते भू-जल के बावजूद हर घर व हर गांव में ऐसे ही हम पानी आवश्यकता से अधिक इस्तेमाल कर दुरूपयोग करते रहे तो वो दिन दूर नही जब कुएं सुख जायेंगे और हम या हमारी आने वाली पीढियाँ पानी की एक बूंद के लिए भी तरस जायेगी |



गांव स्थित सार्वजनिक कुआँ गांव का बस स्टैंड

Dec 20, 2008

गांव स्थित मन्दिर

गांव वासियों की धार्मिक आस्था के प्रतीक गांव में कई मन्दिर है जिनमे ठाकुर जी,माताजी, हनुमान जी, शिव जी,रामदेव जी,केसरिया कँवर जी प्रमुख है


माता जी का मन्दिर




हनुमान जी का मन्दिर

Nov 15, 2008

जयनारायण बाबा


जयनारायण बाबा हमारे गाँव भगतपुरा का नाई है जिसे हम सभी बच्चे नाई बाबा कहकर पुकारते है, नाई बाबा को लोग भले ही गाँव का छोटा आदमी समझे लेकिन गाँव में इनके कार्यों की अहमियत कुछ और ही है , सिर्फ़ बाल काटना ही नही गांव में किसी भी घर में होने वाले छोटे बड़े समारोह में नाई बाबा की अहमियत सबसे ज्यादा रहती है सबको समारोह में निमंत्रण देने के साथ ही खाना बनाने और कई सारी व्यवस्थाये नाई बाबा के हाथ में ही होती है जो वे बड़ी बखूबी पुरी मुस्तेदी के साथ निभाते है |
हमारे घर और अन्य घर जो जो जयनारायण बाबा के हिस्से में है के यहाँ जब भी कोई मेहमान ही आ जाए तो नाई बाबा तुंरत घर आ जाते है और मेहमानों की आवभगत का सारा कार्य तुंरत अपने हाथ में ले लेते है | मेहमानों के लिय यदि भोजन में मीट बनाना हुवा तो वो नाई बाबा ही बनाते है,सभी सब्जियों व मिठाईयों के साथ ही बाबा मीट बनाने के भी पुरे उस्ताद है | सर्दियों के दिनों में दादा जी नाई बाबा से हल्दी वाला मीट बनवाते है जो एक बना देने के बाद कई दिनों तक थोड़ा थोड़ा गर्म करके दवाई के तौर पर खाते है |चूँकि इस मीट में हल्दी की बहुतायत होती है जो बड़े बुजुर्गों को जोडो के दर्द में राहत पहुचाती है
जोधपुर में तो इसके लिए कच्ची हल्दी की सब्जी बना कर खायी जाती है |


Reblog this post [with Zemanta]

Sep 7, 2008

मेरी भगतपुरा यात्रा



शक्ति सिंह शेखावत [हिरवा ]
अगस्त के पहले हफ्ते में भगतपुरा जाने का मौका मिला हम सुबह कार से इंदिरा गाँधी हवाई अड्डे से महावीर सिंह जी जो इटली से आ रहे थे को लेकर भगतपुरा रवाना हुए ,कोटपुतली से सीकर के बीच जब हम पहाडियों से गुजरे तो सहसा विश्वास ही नही हो रहा था की हम राजस्थान में है मोसम भी बहुत अच्छा था में तो पुरे रस्ते बारिश की कामना करते हुए जा रहा था लेकिन थोडी बूंदा बांदी ही हुई | शाम लगभग चार बजे हम भगतपुरा पहुंचे मुझे तो भगतपुरा गावं बहुत ही अच्छा लगा ,सीमेंट की सड़के,मन्दिर, स्कूल,स्वास्थ्य केन्द्र ,पेट्रोल पम्प सारी शहरों वाली सुविधा और वातावरण व माहोल गावं वाला | बबलू व भरत से तो मिलकर ही मजा आ गया खैर मुझे इस गावं में रुकने का ज्यादा मौका नही मिला और रुकने की इच्छा मन में दबाते हुए ही हमें दुसरे दिन जल्दी ही दिल्ली के लिए निकलना पड़ा ,सीकर के बाद बस उन्ही पहाडियों से होते हुए हम दिल्ली की तरफ बढ रहे थे मानेसर के बाद में जिस बारिश की कामना कर रहा था वो मुसलाधार बन कर आ ही गई | अब अगली बार मौका मिला तो इस इतने अच्छे गावं में जरुर ज्यादा समय तक ठहरूंगा |

Sep 2, 2008

ठाकुर भगत सिंह जी ,खूड


ठाकुर भगत सिंह जी ,खूड

जिनके नाम पर उनके छोटे भाई कुंवर नवल सिंह जी व कुंवर गुलाब सिंह जी ने हमारा गावं बसा कर अपने बड़े भाई के नाम पर भगतपुरा रखा |